CHARDHAM/TOURISMUTTARAKHAND

केदारनाथ पैदल मार्ग पर दर्दनाक हादसा, कंडी से 200 मीटर गहरी खाई में गिरने से 5 साल के बच्चे की मौत

पुलिस और एसडीआरएफ ने खोजबीन करते हुए लिनचोली के पास दो सौ मीटर नीचे गहरी खाई से बच्चे के शव को बरामद किया.

केदारनाथ पैदल मार्ग पर कंडी में बैठकर धाम जा रहे 5 साल के बच्चे की खाई में गिरने से मौत हो गई. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते दो दिन पहले आगरा का एक परिवार केदारनाथ यात्रा के लिए आया था. पति, पत्नी के साथ दो बच्चे भी साथ में चल रहे थे. गौरीकुंड से वो लोग घोड़े से चले और भीमबली में सभी उतर गए. इस बीच पैदल चलते हुए 5 साल के शिवा ने माता-पिता को कहा कि उसे चलने में परेशानी हो रही है, जिसके बाद उन्होंने बच्चे को एक नेपाली मजदूर की कंडी पर सवार कर दिया और खुद पैदल चलने लगे. इसी दौरान बड़ी लिनचोली के पास बच्चा कंडी से दो सौ मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई.

यह भी पढ़ें -  भाजपा ने अटल जन्मशताब्दी वर्ष पर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व आधारित कार्यक्रम श्रंखलाओं की तैयारी की शुरू

इस घटना के बाद मजदूर फौरन वहां से फरार हो गया. माता-पिता को रास्ते से कुछ लोगों ने बच्चे के गिरने की सूचना दी, जिसके बाद आनन-फानन में माता-पिता लिनचोली पहुंचे और पुलिस को मामले के बारे में बताया, जिसके बाद बच्चे की तलाश शुरू की गई. पुलिस और एसडीआरएफ ने खोजबीन करते हुए लिनचोली के पास दो सौ मीटर नीचे गहरी खाई से बच्चे के शव को बरामद किया. माता-पिता के पास नेपाली मजदूर की कोई पहचान नहीं थी, जिससे पुलिस को उक्त मजदूर की पहचान करना मुश्किल हो रहा है. इस मामले में मजदूर की लापरवाही सामने आ रही है. पुलिस अब नेपाली मूल के उसे व्यक्ति की खोज में जुटी है.

Back to top button