UTTARAKHAND

उत्तराखंड: राजाजी टाइगर रिजर्व में रेड अलर्ट जारी, सभी फिल्ड कर्मियों की छुट्टियां निरस्त

होली के दौरान वन क्षेत्रों में अवैध पातन और अवैध शिकार की घटनाओं के मद्देनजर राजाजी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में चार मार्च से 10 मार्च तक रेड अलर्ट जारी किया गया है.

होली के दौरान वन क्षेत्रों में अवैध पातन और अवैध शिकार की घटनाओं के मद्देनजर राजाजी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में चार मार्च से 10 मार्च तक रेड अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान सभी फिल्ड कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं. गश्त बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए हैं. राजाजी टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि बीते वर्षों में त्योहारों के दौरान वन क्षेत्रों में अवैध पातन और अवैध शिकार की घटनाएं सामने आई हैं. इसको ध्यान में रखते हुए राजाजी पार्क प्रशासन की ओर से रेड अलर्ट जारी किया गया है. 

इस दौरान सभी संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त के अलावा विशेष गश्त बढ़ाए जाने के निर्देश दिए गए हैं. किसी भी वन क्षेत्राधिकारी को बिना अनुमति के अपना स्टेशन नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं. डॉ. बडोला ने बताया कि इसके अलावा उप प्रभागीय वनाधिकारी और अन्य उच्चाधिकारियों को भी स्वयं क्षेत्र में जाकर औचक निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं. होली वाले दिन आठ मार्च को राजाजी टाइगर रिजर्व में टाइगर सफारी पर सुबह से लेकर दोपहर तक रोक रहेगी. इस दौरान सुबह के सत्र में पार्क के सभी गेट को पर्यटकों के लिए बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं.

यह भी पढ़ें -  देहरादून में जगह-जगह जल भराव, CM धामी ने ISBT का किया औचक निरीक्षण
Back to top button