UTTARAKHAND

देहरादून-दिल्ली नेशनल हाईवे को छह लेन बनाने की मिली मंजूरी, पहले चरण में रुड़की से मेरठ तक होगा काम

देहरादून-दिल्ली नेशनल हाईवे को छह लेन बनाने की मिली मंजूरी, पहले चरण में रुड़की से मेरठ तक होगा काम

देहरादून।

देहरादून-दिल्ली नेशनल हाईवे अब चार नहीं, बल्कि छह लेन का होगा। केंद्र सरकार ने इस परियोजना को हरी झंडी दे दी है। पहले चरण में रुड़की से मेरठ तक करीब 70 किलोमीटर लंबे हिस्से को छह लेन में तब्दील किया जाएगा। इसके लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने प्राइवेट संस्था को नामित कर डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कराने की तैयारी शुरू कर दी है। इस पर लगभग दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

एनएचएआई के अधिकारियों के अनुसार, देहरादून-दिल्ली हाईवे पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए चौड़ीकरण जरूरी हो गया है। यह हाईवे वर्ष 2009 में कई हिस्सों में चार लेन किया गया था, लेकिन अब वाहनों की संख्या कई गुना बढ़ चुकी है। छह लेन बनने से यात्रा सुगम और समय की बचत होगी।

यह भी पढ़ें -  मुख्यमंत्री ने प्रदान की विभिन्न विकास योजनाओं के लिए 986 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति

निर्माण कार्य से पहले एनएचएआई प्रदेश के जनप्रतिनिधियों—राज्य मंत्री कपिलदेव अग्रवाल, उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार और सांसद हरेंद्र मलिक सहित अन्य से मंत्रणा करेगा। इनसे सुझाव लेकर निर्माण की रूपरेखा तय की जाएगी, ताकि स्थानीय आवश्यकताओं को भी ध्यान में रखा जा सके।

हाईवे पर मौजूद सभी फ्लाइओवर, अंडरपास और कट पॉइंट्स का भी पुनर्परीक्षण किया जाएगा। डिजाइन छह लेन के अनुरूप तैयार की जाएगी। बिलासपुर कट जैसे संवेदनशील स्थानों पर नए फ्लाइओवर निर्माण की योजना भी शामिल की गई है। एनएचएआई मेरठ यूनिट के सहायक अभियंता आशीष कुमार ने बताया कि परियोजना के लिए सर्वे जल्द शुरू होगा और डीपीआर तैयार होने के बाद निर्माण कार्य गति पकड़ेगा।

Back to top button