UTTARAKHAND

उत्तराखंड: आर्मी में अब 50% अग्निवीर होंगे परमानेंट? Agniveer Scheme को लेकर BJP का नया प्‍लान

सेना की संख्या में कटौती किए बिना चार वर्ष की अवधि के बाद 25 प्रतिशत अग्निवीर को सेना में आगे बढ़ाने का अभी प्रविधान है. इसे 50 प्रतिशत करने पर गंभीरता से विचार हो रहा है.

उत्तराखंड में अग्निवीर योजना को लेकर कांग्रेस की प्रस्तावित पदयात्रा के जवाब में भाजपा ने प्रदेशभर में जनजागरण अभियान का निर्णय लिया है. इसी कड़ी में पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता कर्नल अजय कोठियाल (सेनि) ने प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अग्निवीर योजना से युवाओं को चौगुने अवसर प्राप्त होंगे. कहा कि मजबूत सेना और श्रेष्ठ नागरिक बनाने के लक्ष्य को यह सार्थक करेगी. उन्होंने कांग्रेस पर अग्निवीर योजना को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप भी लगाया.  अग्निवीर योजना के एक वर्ष एक माह व एक दिन पूर्ण होने के अवसर पर हुई पत्रकार वार्ता में कर्नल कोठियाल ने योजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से रोशनी डाली.

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बदली परिस्थितियों के हिसाब से सेना अपने तौर-तरीके बदलती है. अग्निवीर योजना भी इसी कड़ी का हिस्सा है. इसके पीछे राष्ट्र व समाज हित समाहित है. यह योजना सेना के तीनों अंगों को सशक्त बनाएगी. यही नहीं, अग्निवीर के रूप में चार वर्ष की सेवा के उपरांत युवाओं को विभिन्न विभागों में सरकारी नौकरियों में आरक्षण मिलेगा. सेना से मिली दक्षता एवं एकमुश्त रकम स्वरोजगार में भी मददगार साबित होगी. उन्होंने कहा कि सेना की संख्या में कटौती किए बिना चार वर्ष की अवधि के बाद 25 प्रतिशत अग्निवीर को सेना में आगे बढ़ाने का अभी प्रविधान है. इसे 50 प्रतिशत करने पर गंभीरता से विचार हो रहा है. उन्होंने उस चिंता को बेवजह बताया, जिसमें कहा गया है कि हथियारों का प्रशिक्षण लेने वाले युवा गलत रास्ते पर जा सकते हैं. उन्होंने कहा कि हमें अपनी सेना की ट्रेनिंग व युवाओं पर पूरा भरोसा है. प्रशिक्षित युवा राष्ट्र निर्माण व सुरक्षा में मददगार होंगे.

यह भी पढ़ें -  रूस की सेंट पीटरबर्ग स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ़ वेटरनरी मेडिसिन के छात्रों और संकाय सदस्यों ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह से की भेंट
Back to top button