UTTARAKHAND

उत्तराखंड शिक्षा व्यवस्था में होगा बड़ा बदलाव, अगले छह माह में तैयार होगा विद्या समीक्षा केंद्र

प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक विश्वसनीय एवं रोजगारोन्मुख बनाने के उद्देश्य से सूबे में विद्या समीक्षा केंद्र की स्थापना की जा रही है.

उत्तराखंड में शिक्षा व्यवस्था को प्रखर व प्रभावी बनाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है. वहीँ अब शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार एवं आधुनिक तकनीकी का उपयोग कर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक विश्वसनीय एवं रोजगारोन्मुख बनाने के उद्देश्य से सूबे में विद्या समीक्षा केंद्र की स्थापना की जा रही है. जो कि अगले छह माह के भीतर बनकर तैयार हो जाएगा. इसके लिए शिक्षा विभाग ने प्रारम्भिक तैयारियां शुरू कर दी है. जिसके तहत विभाग ने आईटी क्षेत्र की एक बड़ी कंपनी से अनुबंध कर लिया है, जो एक माह के भीतर शिक्षा महानिदेशालय में समीक्षा केंद्र की स्थापना का कार्य प्रारम्भ कर देगी.

शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने बताया कि विभागीय अधिकारियों को छह माह के भीतर विद्या समीक्षा केन्द्र स्थापित करने के निर्देश दे दिए गए है. समीक्षा केंद्र की स्थापना के बाद विभाग का सम्पूर्ण डाटा ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा. जिसके तहत विद्यालयों का विवरण, शिक्षकों का विषयवार डाटा, छात्र-छात्राओं का विवरण के साथ ही प्रदेश के विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का डाटा मौजूद रहेगा. इसके अलावा शासन एवं महानिदेशालय स्तर के अधिकारी विद्या समीक्षा केंद्र के माध्यम से किसी भी विद्यालय का ऑनलाइन निरीक्षण के साथ ही वहां की सम्पूर्ण गतिविधियों पर भी नजर रख सकेंगे. केंद्र की स्थापना के उपरांत निश्चित रूप से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में शैक्षणिक, प्रशासनिक सुधार तो आएगा ही साथ ही शिक्षा की गुणवत्ता में आमूलचूल परिवर्तन लाया जा सकेगा.

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के भट्ट ब्राह्मण कराएंगे अयोध्या में भगवान राम की प्राण-प्रतिष्ठा, जानिए इनका पूरा इतिहास
Back to top button