CRIME

देहरादून में वाहन चेकिंग के दौरान थार ने पुलिसकर्मियों को मारी टक्कर, तीन घायल

एसएसपी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

देहरादून : थाना डालनवाला क्षेत्र के आराघर टी-जंक्शन पर रविवार तड़के एक बड़ी घटना उस समय घटित हो गई जब वाहन चेकिंग में तैनात पुलिस कर्मियों को एक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने टक्कर मार दी। इस जानलेवा हमले में तीन पुलिस कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना सुबह करीब 3:45 बजे की बताई जा रही है। हादसे के तुरंत बाद घायल कर्मियों को 108 एम्बुलेंस से पास के अस्पताल में प्राथमिक उपचार हेतु भेजा गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिनर्जी अस्पताल रेफर किया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अजय सिंह स्वयं सिनर्जी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से मुलाकात कर उपचाराधीन पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को उनके इलाज में किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए।

पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल आरोपी वाहन चालक की पहचान मोहम्मद उमर उर्फ ताहिर (36 वर्ष) पुत्र मोहम्मद रईस, निवासी 1 ई.सी. रोड, थाना डालनवाला, देहरादून के रूप में हुई है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी महिंद्रा थार (UK07 FW1002) को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें -  डाकपत्थर बैराज के पुल से हिमाचल के युवक ने यमुना नदी में लगाई छलांग, तलाश में जुटी एसडीआरएफ

एसएसपी अजय सिंह ने घटना को बेहद गंभीर मानते हुए आरोपी पर कठोर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। डालनवाला पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

सिनर्जी अस्पताल में भर्ती तीनों घायल पुलिसकर्मियों  हेड कांस्टेबल सुगनपाल, कांस्टेबल सचिन और कांस्टेबल कमला प्रसाद की हालत अब खतरे से बाहर और स्थिर बताई जा रही है।

“घायल पुलिस कर्मियों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। घटना में लिप्त आरोपी पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”  अजय सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून

Back to top button