UTTARAKHAND

रुद्रप्रयाग के तिलवाड़ा मयाली मोटरमार्ग पर कार खाई में गिरी, दो लोगों की दर्दनाक मौत

तिलवाड़ा मयाली मोटर मार्ग पर कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी, इस दुर्घटना में दो व्यक्तियों की मौत हो गई. दोनों रुद्रप्रयाग जनपद के ही रहने वाले हैं.

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ. तिलवाड़ा मयाली मोटर मार्ग पर कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी, इस दुर्घटना में दो व्यक्तियों की मौत हो गई. दोनों रुद्रप्रयाग जनपद के ही रहने वाले हैं. बुधवार सुबह लगभग साढ़े दस बजे तिलवाड़ा-मयाली मोटर मार्ग पर सियाल्स्यू के समीप तिलवाड़ा की ओर आ रहा एक कार UK13B0654 अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. आस पास के लोगों ने वाहन गिरने की आवाज आने पर मौके की ओर भागे तथा इसकी सूचना तत्काल पुलिस व आपदा कंट्रोल रूम को दी. सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा डीडीआरएफ रुद्रप्रयाग मुख्यालय से घटनास्थल के लिए रवाना हुए. घटनास्थल पर तत्काल राहत बचाव कार्य शुरू किया गया.

यह भी पढ़ें -  Rajya Sabha Election: बीजेपी ने उत्तराखंड से डॉ कल्पना सैनी को बनाया प्रत्याशी

कार में दो व्यक्ति सवार थे, घायल कैलाश जगवाण खाई से निकालकर 108 की मदद से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेज दिया गया है. जबकि दूसरे व्यक्ति किशन कठैत की मौके पर ही मौत हो गई. घायल कैलाश की भी उपचार के दौरान जिला चिकित्सालय में मौत हो गई. मृतकों में कैलाश जगवाण निवासी जगतोली सांदर, तहसील व जिला रुद्रप्रयाग, दूसरा व्यक्ति 52 वर्षीय किशन कठैत, निवासी सकलाना खील, जखोली विकास खंड़ रुद्रप्रयाग व हाल निवासी तिलवाड़ा शामिल हैं. वहीं बताया जा रहा है कि यह दोनो व्यक्ति किसी काम से सिलाल्स्यू गए थे, वहां से वापस तिलवाड़ा आते समय यह दुर्घटना हुई.

Back to top button