UTTARAKHAND

न्यू ईयर सेलिब्रेट करने आ रहे हैं मसूरी तो पढ़िए ये खबर, नहीं तो हो सकती हैं परेशानियां

इस वर्ष नए साल का जश्न मनाने केवल वही पर्यटक मसूरी जा पाएंगे जिनकी पहले से होटलों में बुकिंग होगी. इसके अलावा बाहर से आने वाले पर्यटकों को देहरादून शहर में भी एंट्री नहीं दी जाएगी.

अगर आप न‌ए वर्ष पर उत्तराखण्ड के प्रमुख पर्यटन स्थल मसूरी आने का प्लान बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए ही है. बता दें कि इस वर्ष नए साल का जश्न मनाने केवल वही पर्यटक मसूरी जा पाएंगे जिनकी पहले से होटलों में बुकिंग होगी. इसके अलावा बाहर से आने वाले पर्यटकों को देहरादून शहर में भी एंट्री नहीं दी जाएगी. उन्हें वाया कैंट और रिंग रोड से निकाला जाएगा. स्थानीय लोगों को इसमें छूट रहेगी. कुठाल गेट पर वाहनों की चेकिंग की जाएगी. इसके लिए अतिरिक्त फोर्स लगाई गई है. यातायात पुलिस ने 30 और 31 दिसंबर के लिए रूट प्लान तैयार कर लिया है. एसपी ट्रैफिक अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि वाहनों का दबाव सबसे अधिक मसूरी और राजपुर रोड पर रहता है. इसे कम करने के लिए प्लान तैयार किया गया है. सहारनपुर और हरिद्वार रूट से आने वाले वाहनों को कुठाल गेट पर रोका जाएगा. यहां पर्यटकों की होटल में बुकिंग संबंधी चेकिंग की जाएगी. जिसके बाद ही पर्यटकों को आगे जाने दिया जाएगा.

यह भी पढ़ें -  यूसर्क द्वारा देवभूमि उत्तराखंड विश्वविद्यालय में "USERC Centre of Excellance in Bioinformatics" का उद्घाटन

देहरादून यातायात पुलिस द्वारा जारी न‌ए ट्रेफिक रूट प्लान की अहम बातें –

  • दिल्ली/रुड़की/सहारनपुर से आने वाले सभी वाहन वाया मोहंड-आशारोड़ी, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, सेंट ज्यूड्स चौक, बल्लूपुर चौक, गढ़ी कैंट तिराहा, अनारवाला तिराहा, जोहड़ी गांव, मसूरी रोड, कुठाल गेट होते हुए मसूरी की ओर रवाना होंगे.
  • हरिद्वार/ऋषिकेश से आने वाले सभी वाहनों को वाया हर्रावाला, मोहकमपुर फ्लाईओवर, जोगीवाला-पुलिया नंबर-6, रिंग रोड, आईटी पार्क, कृशाली चौक, साईं मंदिर तिराहा, मसूरी डायवर्जन और कुठालगेट होते हुए मसूरी की ओर रवाना किया जाएगा.
  • इसी तरह मसूरी से वापस अपने गंतव्य की ओर जाने वाले पर्यटकों के वाहनों को वाया कुठाल गेट, ओल्ड राजपुर, राजपुर रोड-साईं मंदिर कृशाली चौक, आईटी पार्क, तपोवन, बाईपास रोड, नालापानी चौक, तपोवन गेट-लाडपुर तिराहा, पुलिया नंबर 6-जोगीवाला से होते हुए ऋषिकेश/हरिद्वार/आईएसबीटी की ओर रवाना किया जाएगा.
  • बता दें कि मसूरी डायवर्जन और बाटा घाट चेकपोस्ट से मसूरी आने वाले सभी भारी वाहनों का 31 दिसंबर से एक जनवरी तक सुबह आठ से रात 12 बजे तक आवागमन प्रतिबंधित रहेगा.
Back to top button