UTTARAKHAND

आपदा के बाद केदारनाथ यात्रा ने पकड़ी रफ्तार, इन लोगों के लिए कल से शुरू होगी फ्री हेली सेवा

अतिवृष्टि के बाद ऐसे व्यापारी जो केदारनाथ में खुद का व्यवसाय कर रहे थे और उनका रेस्क्यू कर वापस लाया गया था. उनके लिए कल से निशुल्क हेली सेवा शुरू की जा रही है.

केदारनाथ धाम की यात्रा एक बार फिर से पटरी पर लौट आई है. केदारघाटी में आपदा के बाद भक्त दोबारा पैदल मार्ग से बाबा केदार के दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं. पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने सुविधाएं भी बढ़ा दी हैं. डेंजर जोनों पर जहां एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, एनडीआरएफ आदि के जवान तैनात किए गए हैं तो वहीं डॉक्टरों की संख्या भी बढ़ा दी गई है. वहीं, रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन की ओर से हिमालय हेलीपैड शेरसी पर लोकल यानी स्थानीय लोगों के आवागमन के लिए अलग से एक स्पेशल हेलीकॉप्टर उड़ान भरेगा.

यह हेलीकॉप्टर कल यानी 5 सितंबर से अपनी उड़ान भरेगा. ऐसे में जिन लोगों को दर्शन या अपने व्यवसाय के लिए केदारनाथ धाम जाना है, वो अपने ग्राम प्रधान को इसकी जानकारी दे सकते हैं. रुद्रप्रयाग जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जिला प्रशासन की ओर से केदारनाथ धाम के लिए स्थानीय लोगों के आवागमन को लेकर विशेष रूप से हेली का संचालन किया जा रहा है. अतिवृष्टि के बाद ऐसे व्यापारी जो केदारनाथ में खुद का व्यवसाय कर रहे थे और उनका रेस्क्यू कर वापस लाया गया था. उनके लिए कल से निशुल्क हेली सेवा शुरू की जा रही है.

यह भी पढ़ें -  उत्तराखण्ड राज्य के प्रथम बजट से इस बार का बजट 24 गुना अधिक है: सीएम।
Back to top button