UTTARAKHAND

Paragliding Accident: उत्तराखंड में यहाँ पैराग्लाइडिंग के दौरान हुआ हादसा, गुजरात के पर्यटक की मौत

भीमताल में पैराग्लाइडिंग साइट पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण गुजरात के एक पर्यटक की मौत हो गई.

भीमताल में पैराग्लाइडिंग साइट पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण गुजरात के एक पर्यटक की मौत हो गई. इससे पूर्व भी हादसों में सैलानी घायल हो चुके हैं लेकिन सरकार, प्रशासन, पर्यटन विभाग की ओर से पैराग्लाइडिंग स्थलों पर सुरक्षा की दृष्टि से एंबुलेंस, स्ट्रेचर, स्वास्थ्य संबंधी कोई भी उपकरण उपलब्ध नहीं हैं. हैरानी की बात यह है कि प्रशासन, पुलिस और पर्यटन विभाग दो दिन बाद भी हादसे की सूचना नहीं होने की बात कह रहे हैं. इस हादसे ने एक बार फिर पैराग्लाइडिंग साइट पर पायलटों और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर बरती जा रही लापरवाही को उजागर कर दिया है. जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को एक पैराग्लाइडिंग स्थल पर गुजरात के पुष्कर धाम राजकोट निवासी जगदीश भाई (55) अपने परिवार के साथ पहुंचे. पैराग्लाइडिंग के दौरान हुए एक हादसे में जगदीश घायल हो गए. 

घायल को परिजन और स्थानीय लोग निजी वाहन से हल्द्वानी लेकर पहुंचे. शनिवार शाम सैलानी की एक निजी अस्पताल में मौत हो गई. सैलानी की बेटी पोरम ने बताया था कि एंबुलेंस नहीं मिलने से एक निजी कार चालक की मदद से उनके पिता को अस्पताल पहुंचाया गया. परिजनों की ओर से अभी पुलिस को कोई तहरीर नहीं सौंपी गई है. आपको बता दें की पैराग्लाइडिंग साहसिक पर्यटन की श्रेणी में आता है. यानि इस खेल के दौरान हादसे का खतरा बना रहता है.यही कारण है कि पैराग्लाइडिंग साइट पर हमेशा ही सुरक्षा के सभी नियमों का पालन अनिवार्य किया गया है. इसके विपरीत भीमताल की पैराग्लाइडिंग साइट पर इस साल दो हादसे हो चुके हैं. दोनों ही हादसों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी हादसे का कारण बनी है. शुक्रवार को हुआ हादसा भी पैराग्लाइडिंग साइट पर सुरक्षा प्रबंधों में लापरवाही के कारण हुआ.

यह भी पढ़ें -  उत्तरकाशी में कई जगह बादल फटने भारी तबाही, हर तरफ मचा हाहाकार
Back to top button