UTTARAKHAND

उत्तराखंड: जाम में फंसी एंबुलेंस तो दर्द से तड़पती गर्भवती महिला ने बीच सड़क पर दिया बच्चे को जन्म

उत्तरकाशी में जाम में फंसी एंबुलेंस के समय पर न पहुंचने के कारण गर्भवती महिला को सड़क पर ही बच्चे को जन्म देना पड़ा.

उत्तरकाशी में जाम में फंसी एंबुलेंस के समय पर न पहुंचने के कारण गर्भवती महिला को सड़क पर ही बच्चे को जन्म देना पड़ा. जानकारी के मुताबिक मोरी के आराकोट गांव की प्रसूता प्रसव कराने अपने मायके पुरोला आई थी. सोमवार सुबह महिला को तीव्र प्रसव पीड़ा उठी तो परिजनों ने 108 एंबुलेंस सेवा को फोन किया. सूचना पर पीड़िता को लेने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से पुरोला गांव के लिए एंबुलेंस रवाना भी हुई. लेकिन कुमोला रोड और मुख्य बाजार में जाम के चलते एंबुलेंस आधा घंटे तक रास्ते में फंसी रही.काफी इंतजार के बाद जब एंबुलेंस नहीं आई तो परिजन गर्भवती महिला को पैदल ही अस्पताल के लिए निकल गए.

इससे पहले की महिला अस्पताल पहुंचती, उससे पहले ही उसने पुरोला बाजार में बच्चे को जन्म दे दिया. सड़क पर दर्द से कराहती महिला को आस-पास की अन्य महिलाओं ने चारों तरफ से कपड़ों से ढककर प्रसव कराया. वहीं पांच सौ मीटर दूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुरोला में चिकित्सकों को सूचना मिलते ही नर्सिंग स्टाफ स्ट्रेचर लेकर पहुंचा. जिसके बाद  जच्चा-बच्चा को सीएचसी ले गए, जहां जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ्य हैं. वहीं अधिकारीयों का  कहना है की सोमवार सुबह लगभग 10 बजे गर्भवती महिला को लेने के लिए एंबुलेंस सेवा भेज दी गई थी, लेकिन बाजार में जगह-जगह जाम होने के कारण सेवा समय पर पुरोला गांव नहीं पहुंची. वहीं महिला के बाजार में बच्चे को जन्म देने की सूचना पर नर्सिंग स्टॉफ मौके पर भेजा गया. सीएचसी लाने के बाद दोनों की जांच की गई है. और जच्चा-बच्चा दोनों ही स्वस्थ्य हैं. 

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand Covid Update: राज्य में कोरोना का कहर हुआ कम, आज 27 नए मामले
Back to top button