POLITICSUTTARAKHAND

उत्तराखंड में BJP अध्यक्ष पद से मदन कौशिक की छुट्टी, पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट को मिली कमान

उत्तराखंड में बीजेपी ने नए प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान कर दिया है. इस बार पार्टी नेतृत्व ने महेंद्र भट्ट पर भरोसा जताया है.

भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में नए प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान कर दिया है. बीते काफी दिनों से उत्तराखंड में भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने की अटकलों के बीच शनिवार को पार्टी ने बदरीनाथ के पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट को प्रदेश की कमान सौंपी है। वहीं मदन कौशिक को अध्यक्ष पद से छुट्टी दी गई है. बता दें कि असेंबली चुनाव में महेंद्र भट्ट हार गए थे. लेकिन बीजेपी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है. उत्तराखंड में नए पार्टी अध्यक्ष का एलान बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी चिट्ठी में किया गया है.

30 जुलाई को जारी हुई इस चिट्ठी में लिखा हुआ है, “बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने महेंद्र भट्ट को उत्तराखंड बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है. यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी.” बता दें कि महेंद्र भट्ट दो बार बदरीनाथ विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं. बीजेपी संगठन में उनकी मजबूत पकड़ है, इसके अलावा गढ़वाल और कुमाऊं में वो लोकप्रिय हैं. इन सब समीकरणों को ध्यान में रखते हुए बीजेपी हाईकमान ने महेंद्र भट्ट को उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष की कमान दी है. अब विधानसभा चुनाव में पार्टी के जबरदस्त प्रदर्शन को अगले लोकसभा चुनाव में वापस दोहराने की अहम जिम्मेदारी महेंद्र भट्ट के कंधों पर होगी.

यह भी पढ़ें -  ब्रेकिंग न्यूज़: उत्तराखंड में 28 नवंबर को रहेगा सार्वजनिक अवकाश, आदेश जारी
Back to top button